वाराणसी: स्वतंत्रता दिवस पर घायल शिक्षक ने तोड़ा दम, स्कूटी से टक्कर मारने वाला आरोपी अब भी फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक निजी विद्यालय के शिक्षक की सड़क हादसे में घायल होने के पांच दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के दिन उनकी मौत की खबर से परिवार और स्कूल स्टाफ में गहरा शोक फैल गया।

हादसा 10 अगस्त को हुआ था

जानकारी के अनुसार, शिवपुर कोट निवासी कृष्ण चंद्र पांडेय, संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, गिलट बाजार में अंग्रेजी शिक्षक थे। 10 अगस्त की शाम लगभग 7:30 बजे वे टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वे मौर्या हीरो होंडा सर्विस सेंटर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

इलाज के दौरान मौत

स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पंडित दीन दयाल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 15 अगस्त की सुबह उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्कूल के शिक्षक व छात्र भी गमगीन हो गए।

परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

मृतक के परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी स्कूटी चालक की पहचान कर उस पर सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस की कार्रवाई

शिवपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि घटना की तहरीर मृतक शिक्षक के पुत्र हर्षित पांडेय द्वारा दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन व चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें