पटना: बिहार के दियारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार रात अकीलपुर थाना क्षेत्र के नया पानापुर गांव में इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक मकान की छत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।
मृतकों की पहचान बबलू, उसकी पत्नी रोशन और उनके तीन बच्चों- रुखसार, चांदनी और बेटा चांद के रूप में की गई है। हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। रात करीब 10 बजे अचानक छत भरभराकर नीचे गिर गई, जिससे घर के सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए।
पड़ोसियों ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी तरफ से मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान की छत पहले से ही कमजोर थी और हाल में हुई बारिश के कारण इसकी हालत और ज्यादा खराब हो गई थी। बताया जा रहा है कि इंदिरा आवास योजना के तहत यह मकान कुछ साल पहले बनाया गया था, लेकिन निर्माण गुणवत्ता कमजोर थी।
घटना की सूचना मिलते ही अकीलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में छत के जर्जर होने की बात सामने आई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। गांव के लोगों ने सरकार से मृतकों के परिवार के लिए आर्थिक सहायता और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।










