UP Weather : उत्तर प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय चल रही सर्द हवाओं ने अब ठंड का पूरा अहसास कराना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कुछ इलाकों में हल्का से घना कोहरा भी नजर आने लगा है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 10 और 11 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान सुबह और देर रात के समय घना या मध्यम कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड की तीव्रता और बढ़ जाएगी।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, इस बार ठंड की शुरुआत सामान्य से कुछ जल्दी हो गई है। आने वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम साफ रहेगा और दिन में धूप खिलने की संभावना है। हालांकि सुबह और रात में ठंड का असर महसूस होगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
वहीं, नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद और बरेली जैसे जिलों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को सबसे कम तापमान इटावा में दर्ज किया गया, जहां पारा 8.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं मुरादाबाद में घना कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से दृश्यता केवल 500 मीटर तक सीमित रही।










