वाराणसी। काशी की साख को धूमिल करने वाले देह व्यापार के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार को एसओजी-2 और क्राइम ब्रांच की टीम ने चितईपुर स्थित एक होटल में छापा मारकर बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 9 महिलाओं, 6 पुरुषों और होटल मैनेजर सहित कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
डीसीपी क्राइम सरवणन टी को जब इस धंधे की भनक लगी तो एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसके बाद एसओजी-2 की टीम ने होटल में दबिश दी। मौके से कई आपत्तिजनक सामान जैसे कंडोम और शक्तिवर्धक दवाएं भी बरामद की गईं।
बदल रहे थे तरीका
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह बेहद चालाकी से काम कर रहा था। ग्राहक को पहले किसी दूसरी जगह बुलाकर ‘संतुष्ट’ करने के बाद ही होटल में भेजा जाता था। वहां उन्हें महिलाओं की सप्लाई कराई जाती थी।
होटल मालिक की भूमिका पर जांच
पुलिस फिलहाल होटल मालिक की भूमिका की जांच कर रही है। अगर उसकी संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










