उत्तर प्रदेश का मौसम इन दिनों लगातार करवट ले रहा है। कहीं आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं तो कहीं तेज धूप के कारण लोग तपिश और उमस से परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है।
5 सितंबर का पूर्वानुमान
आईएमडी के मुताबिक, आज यानी 5 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 35 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बिजली गिरने को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
किन जिलों में बरसेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा, ललितपुर, जालौन, औरैया, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, बलिया, मऊ, देवरिया, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, अयोध्या, गोंडा, बाराबंकी और लखीमपुर खीरी में बादलों के साथ बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में आज धूप-छांव का सिलसिला बना रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है। वहीं, नोएडा में आसमान साफ रहेगा और धूप की वजह से उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। यही हाल गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, बाराबंकी, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी और प्रतापगढ़ में भी देखने को मिलेगा।
तापमान और आगे का मौसम
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि अगले 5 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, हल्की और मध्यम बारिश का दौर अगले 2-3 दिन तक जारी रह सकता है। 8 सितंबर के बाद प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय होगा और अच्छी बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।










