उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे साइक्लोन के प्रभाव से आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार से अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू होगी, जबकि न्यूनतम तापमान पहले ही कुछ जिलों में नीचे जा चुका है।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 4 से 5 दिनों के भीतर यूपी में अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है। इससे ठंड में इजाफा महसूस किया जाएगा।
आने वाले दिनों में 30 और 31 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, 27 अक्टूबर को यूपी के पश्चिमी जिलों, झांसी, ललितपुर, महोबा, जालौन, हमीरपुर, इटावा, मैनपुरी, आगरा और फिरोजाबाद में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी, जैसे वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, प्रयागराज समेत कई जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर में आज आसमान साफ रहेगा। वहीं, अलीगढ़, मथुरा, सुल्तानपुर, गाजीपुर, अमेठी, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, बाराबंकी, मिर्जापुर और सोनभद्र में सुबह हल्का कोहरा या धुंध छा सकता है, जो दिन चढ़ने के साथ छंट जाएगा।
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। सभी 75 जिलों को फिलहाल “ग्रीन जोन” में रखा गया है।
कुल मिलाकर, बंगाल की खाड़ी में उठ रहे साइक्लोन के चलते उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश, ठंडी हवाओं और तापमान में गिरावट के संकेत साफ हैं। आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का एहसास पहले से ज्यादा हो सकता है।










