वाराणसी। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल सिगरा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक चार पहिया वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
घटना के समय पास ही स्थित एक शोरूम के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए शोरूम में लगे अग्निशमन संयंत्र की मदद से आग पर काबू पाया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।










