वाराणसी। गुरुवार-शुक्रवार की देर रात शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैंट की ओर से लहरतारा चौराहे की तरफ जा रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बाइक (संख्या UP65 EK 6395) पर सवार दोनों युवक — अमन राजभर (25 वर्ष) पुत्र मनोज राजभर और जयप्रकाश राजभर (25 वर्ष), दोनों निवासी चुरामनपुर, चांदपुर — लहरतारा की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार के कारण बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही लहरतारा चौकी इंचार्ज राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा।
डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर में जांच के बाद चालक अमन राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जयप्रकाश राजभर को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।










