ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- पाकिस्तान-अफगानिस्तान विवाद जल्द खत्म कर दूंगा…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि वे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे तनाव को बहुत जल्द खत्म कर सकते हैं। उन्होंने यह बात मलेशिया में आयोजित कंबोडिया–थाईलैंड शांति समझौते के हस्ताक्षर समारोह के दौरान कही।

ट्रंप ने कहा, “मेरी सरकार ने अब तक आठ महीनों में आठ युद्ध खत्म किए हैं। अब सिर्फ एक संघर्ष बचा है पाकिस्तान और अफगानिस्तान का लेकिन मैं इसे भी बहुत जल्दी सुलझा दूंगा।” उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच हाल ही में सीमा पर झड़पें बढ़ी हैं, लेकिन वे दोनों राष्ट्रों के नेताओं को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और विश्वास है कि समाधान जल्द निकलेगा।

ट्रंप ने आगे कहा, “हमने वो किया जो पहले किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने नहीं किया। बाकी राष्ट्रपति युद्ध शुरू करते हैं, जबकि हम उन्हें खत्म करते हैं, यही हमारी नीति का अंतर है।”

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ा तनाव

हाल ही में दोनों देशों के बीच डूरंड रेखा (Durand Line) पर झड़पें तेज हुई हैं। यह 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा ब्रिटिश शासन के समय तय की गई थी, लेकिन अफगानिस्तान ने इसे कभी आधिकारिक मान्यता नहीं दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर आतंकी ठिकानों पर ड्रोन और फाइटर जेट से हमले किए, जबकि तालिबान ने जवाबी कार्रवाई में कई चौकियों पर कब्जा कर लिया।

कंबोडिया–थाईलैंड शांति समझौते में अमेरिका की भूमिका

ट्रंप समारोह में उस ऐतिहासिक समझौते के मौके पर बोल रहे थे, जिसने दक्षिण-पूर्व एशिया के दो पड़ोसी देशों, कंबोडिया और थाईलैंड के बीच वर्षों पुराना विवाद खत्म किया। उन्होंने कहा, “यह दिन दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए ऐतिहासिक है। इस एक समझौते से लाखों लोगों की जान बची है।” ट्रंप ने दोनों देशों के नेताओं की “साहसिक पहल” की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका ने इस समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

“एक फोन कॉल से खत्म किया 32 साल पुराना विवाद”

ट्रंप ने खुलासा किया कि इस साल की शुरुआत में दोनों देशों के बीच सीमा पर हिंसा भड़क उठी थी। उन्होंने कहा, “मैं उस समय स्कॉटलैंड में था, और पूरे दिन दोनों नेताओं से फोन पर बात करता रहा। कुछ ही घंटों में स्थिति काबू में आ गई।”

शांति समझौते के साथ ही ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि अमेरिका ने कंबोडिया के साथ व्यापारिक करार और थाईलैंड के साथ क्रिटिकल मिनरल्स समझौता किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के साथ साझेदारी को और मजबूत बनाए रखेगा — बशर्ते वे क्षेत्र में शांति कायम रखें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें