वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें एपिसोड का रविवार को वाराणसी में सामूहिक श्रवण किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय पर आयोजित हुआ। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरित होकर समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच गहरे संबंधों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने सभी से इस पर्व की भावना को समझने और अपनाने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने गुजरात के धोलेरा क्षेत्र में मैनग्रोव संरक्षण अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि गुजरात वन विभाग द्वारा शुरू की गई यह पहल अब साढ़े तीन हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फैल चुकी है, जो पर्यावरण संरक्षण की मिसाल है।
उन्होंने भारतीय नस्ल के श्वानों (डॉग्स) को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। मोदी ने कहा कि बीएसएफ और सीआरपीएफ ने अपने दस्तों में देशी नस्ल के श्वानों की संख्या बढ़ाई है, जो भारतीय परिस्थितियों में अधिक सक्षम हैं।
प्रधानमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 31 अक्टूबर को देशभर में आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में अधिक से अधिक लोग शामिल हों। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता और लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी और यह दौड़ उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह उद्घोष देश की एकता और शक्ति का प्रतीक है।
मोदी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनता की भागीदारी की सराहना की और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चल रहे ‘गार्बेज कैफे’ की तारीफ की, जहां प्लास्टिक कचरे के बदले गरीबों को भोजन दिया जाता है।
प्रधानमंत्री ने आदिवासी नायकों बिरसा मुंडा और कोमरा भीम को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाकर समाज को साहस और आत्मसम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायी बताया और समाज सेवा, स्वच्छता और एकता के मिशन में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नवीन कपूर, मधुकर चित्रांश, चंद्रशेखर उपाध्याय, अशोक यादव, विनोद भारद्वाज, पूजा दीक्षित, रत्ना वर्मा, विनोद गुप्ता, दीपक राय, मनोज सोनकर, अवधेश राय, योगेश वर्मा, रजनीश कन्नौजिया, शैलेंद्र सिंह, प्रमोद यादव मुन्ना, विपिन पाठक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।










