यमुना एक्सप्रेसवे पर दो दर्दनाक सड़क हादसे, 6 यात्रियों की मौत और 30 से ज्यादा घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात दो भीषण सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। एक हादसे में इको कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरे हादसे में दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही बस माइलस्टोन 131 पर पलट गई, जिसमें 29 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नोएडा से आगरा जा रही थी इको कार, छह की मौत

पहला हादसा करीब तीन बजे यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 140 पर हुआ, जब नोएडा से आगरा जा रही एक इको कार को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार धर्मवीर (निवासी ग्राम हरलालपुरा, थाना बासोनी, आगरा), उनके बेटे रोहित और आर्यन, दलवीर उर्फ छुल्ले, और पारस सिंह तोमर (निवासी ग्राम बढ़पुरा हुसैद, थाना महोबा, मध्य प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।

कार में सवार धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा रही है।

ड्राइवर को झपकी आई और पलट गई बस, दर्जनों घायल

इसी रात लगभग 3:30 बजे दूसरा हादसा माइलस्टोन 131 के पास हुआ, जब दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही यात्री बस एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे का कारण बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। बस में 60 से 65 यात्री सवार थे, जिनमें से 29 लोग घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों में अक्षय, पूजा (पुत्री रामवृक्ष), मोनू रावत (पुत्र मुंशी रावत), और राहुल रावत (पुत्र बाबूलाल) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें दूसरे वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें