UP Budget 2026 : वाराणसी और विंध्यवासिनी देवी धाम को 100 -100 करोड़ का बूस्टर डोज, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा प्रावधान किया है। योगी सरकार ने वाराणसी और मिर्जापुर स्थित विंध्यवासिनी देवी धाम के लिए 100-100 करोड़ रुपये आवंटित करने का प्रस्ताव रखा है। इस फैसले से काशी और विंध्य क्षेत्र के पर्यटन ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

विंध्यवासिनी धाम के विकास पर विशेष जोर

मिर्जापुर के विंध्यवासिनी देवी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके साथ ही त्रिकोणीय क्षेत्र—माँ विंध्यवासिनी मंदिर, माँ अष्टभुजा मंदिर और माँ काली खोह मंदिर—के परिक्रमा पथ और जनसुविधा स्थलों के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। इससे धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और क्षेत्रीय कारोबार को भी बल मिलेगा।

काशी में पर्यटन सुविधाओं का होगा उन्नयन

संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार के अनुसार, वाराणसी में प्रस्तावित 100 करोड़ रुपये से घाटों के आसपास सुविधाओं का विस्तार, यातायात प्रबंधन में सुधार, साइनेज सिस्टम, पर्यटन सूचना केंद्र, स्वच्छता और सुरक्षा इंतजामों को बेहतर बनाया जाएगा। इससे वाराणसी एक सुव्यवस्थित और आधुनिक पर्यटन शहर के रूप में उभरेगा। स्थानीय हस्तशिल्प, कारीगरों और व्यापारियों को भी इस विकास का सीधा लाभ मिलेगा।

क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण का गठन

बजट में काशी-विंध्य क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण के गठन का भी उल्लेख है। इसके अंतर्गत जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जिलों का समेकित और नियोजित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इससे पूर्वांचल में पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा मिलेगी।

रोजगार और आर्थिक मजबूती की उम्मीद

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इन प्रावधानों से होटल, परिवहन, गाइड सेवा, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के कारण पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे छोटे व्यापारियों और कारीगरों की आय बढ़ेगी। साथ ही वाराणसी की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी।

पर्यटन उद्योग ने जताया आभार

टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राहुल मेहता ने कहा कि सरकार द्वारा पर्यटन पर विशेष जोर देना सराहनीय कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एयर कनेक्टिविटी के विस्तार और हवाई पट्टी निर्माण के प्रस्ताव से भी पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

वहीं टीएफजी टूर्स एंड ट्रैवल्स वाराणसी की निदेशक संध्या सिंह ने कहा कि काशी समेत पूरे पूर्वांचल में पर्यटन का निरंतर विकास हो रहा है। नए बजट प्रावधानों से यह क्षेत्र विश्व मानचित्र पर और तेजी से उभरेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें