लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रकृति प्रेमियों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से यूपी ईको टूरिज्म मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की जानकारी अब एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध होगी।
प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की पूरी जानकारी एक जगह
इस मोबाइल एप में राज्य के वन्यजीव अभयारण्य, राष्ट्रीय उद्यान, जंगल ट्रेल्स, झरने और नदियों से जुड़े आकर्षणों की विस्तृत जानकारी दी गई है। पर्यटक अपनी पसंद के स्थानों को सेव कर सकते हैं और स्वाइप नेविगेशन के जरिए नए पर्यटन स्थलों को भी खोज सकते हैं। इसके अलावा, यात्री अपनी यात्रा से जुड़ी तस्वीरें और अनुभव भी साझा कर सकते हैं।
रिव्यू और रेटिंग से मिलेगी सही जानकारी
एप में उपयोगकर्ता किसी भी पर्यटन स्थल पर जाकर रिव्यू और रेटिंग दे सकते हैं। इससे दूसरे पर्यटकों को यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी और वे बेहतर निर्णय ले सकेंगे।
सुरक्षा के लिए एसओएस फीचर
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एप में एसओएस इमरजेंसी फीचर भी जोड़ा गया है। इसमें टैप अलर्ट, ऑटो लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट डायरेक्टरी और ऑफलाइन एसएमएस सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सकेगी।
रियल टाइम अलर्ट और जरूरी जानकारी
इस एप के जरिए यात्रियों को मौसम से जुड़े अलर्ट, नए ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन की जानकारी, बुकिंग रिमाइंडर और सरकारी दिशा-निर्देश रियल टाइम में मिलते रहेंगे। साथ ही गंतव्य तक पहुंचने का मार्ग, फोटो-वीडियो, आसपास के दर्शनीय स्थल और यात्रा के लिए उपयुक्त समय जैसी जानकारी भी उपलब्ध है।
स्मार्ट सर्च से आसान होगी खोज
एप में मौजूद स्मार्ट सर्च और फिल्टर फीचर की मदद से पर्यटक अपनी जरूरत के अनुसार स्थानों को जिला, बजट, दूरी और रेटिंग के आधार पर आसानी से खोज सकते हैं। इसमें राष्ट्रीय उद्यान, वेटलैंड्स, नेचर ट्रेल्स, फॉरेस्ट सर्किट, ग्रामीण पर्यटन और नदी आधारित गतिविधियों से जुड़े स्थानों को भी शामिल किया गया है।
फिलहाल अंग्रेजी में उपलब्ध
यह मोबाइल एप फिलहाल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है और जल्द ही इसे हिंदी में भी लॉन्च किया जाएगा। इच्छुक पर्यटक इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।










