UP पुलिस सिपाही भर्ती : 8, 9 और 10 जून को OMR आधारित लिखित परीक्षा, जानें पूरी डिटेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर अहम जानकारी जारी कर दी है। प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही (कांस्टेबल) और समकक्ष पदों—नागरिक पुलिस, पीएसी, जेल वार्डर आदि पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पूरी तरह ओएमआर (OMR) आधारित होगी और तीन दिनों में छह पालियों में संपन्न कराई जाएगी। हर दिन दो-दो शिफ्ट होंगी और प्रत्येक पाली का प्रश्न पत्र अलग होगा।

कैसा होगा परीक्षा पैटर्न

लिखित परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 300 अंक निर्धारित हैं। हर सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे। अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए कुल 2 घंटे का समय दिया जाएगा। प्रश्न चार प्रमुख विषयों से पूछे जाएंगे

* सामान्य ज्ञान

* सामान्य हिंदी

* संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता

* मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता

कटऑफ के लिए न्यूनतम अंक

परीक्षा में सफल होने के लिए श्रेणीवार न्यूनतम अंकों की व्यवस्था की गई है-

* अनारक्षित वर्ग (UR): 30%

* ईडब्ल्यूएस: 25%

* ओबीसी: 25%

* एससी/एसटी: 20%

OMR शीट भरने में बरतें सावधानी

बोर्ड ने ओएमआर शीट भरने को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसी भी तरह की गलती जैसे गलत बबल भरना, अतिरिक्त निशान लगाना या अनावश्यक लिखाई के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। ऐसी स्थिति में उत्तर पत्रक अमान्य भी घोषित किया जा सकता है।

अन्य जरूरी निर्देश

यदि प्रश्न पत्र में कोई सवाल या विकल्प गलत पाया जाता है, तो उसे निरस्त कर दिया जाएगा और उसके अंकों का वितरण इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा तय नियमों के अनुसार किया जाएगा। अलग-अलग शिफ्टों को ध्यान में रखते हुए अंकों का नॉर्मलाइजेशन भी लागू होगा।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और अन्य अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in चेक करते रहें।

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिहाज से यह भर्ती अभियान अहम माना जा रहा है। अब अभ्यर्थियों के पास अंतिम तैयारी का समय है, ऐसे में उन्हें परीक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें