UP Weather : बारिश के बाद अब कोहरे की दस्तक, बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें कब से बढ़ेगी ठंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख बदलने लगा है। हाल की बारिश के बाद अब प्रदेश में कोहरे का दौर शुरू होने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 4 नवंबर से पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा या धुंध दिखाई दे सकती है।

4 नवंबर से दिखेगा हल्का कोहरा

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और रायबरेली सहित पूर्वी यूपी के कई जिलों में मंगलवार की सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है।

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क रहने वाला है। पिछले 24 घंटे में भी राज्य के दोनों संभागों में बारिश नहीं हुई है।

गिरेगा न्यूनतम तापमान

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

आईएमडी ने 5 नवंबर को पूरे प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा है, यानी कहीं भी भारी बारिश या चेतावनी जैसी स्थिति नहीं रहेगी। 6 और 7 नवंबर को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा।

नोएडा से लखनऊ तक ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह हल्की धुंध के बाद दिन चढ़ने के साथ आसमान पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है। यहां आज अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहेगा।

वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, कानपुर, झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, रामपुर और बरेली सहित पश्चिमी यूपी के अन्य जिलों में आज मौसम खुशनुमा रहेगा और किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

सर्दी ने दी दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, अब उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस की जाएगी, जबकि दिन के समय मौसम सामान्य रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में सर्द हवाओं का असर और बढ़ सकता है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें