लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
40 से ज्यादा जिलों में बारिश का अनुमान
आंचलिक मौसम केंद्र, अमौसी के अनुसार 30 मार्च को प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 31 मार्च को भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
आज मेरठ, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बरेली, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, कानपुर, फिरोजाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, श्रावस्ती, बहराइच, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, हापुड़ और मुरादाबाद समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है।
हालांकि, पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में आज मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
लखनऊ-नोएडा में भी बदल सकता है मौसम
राजधानी लखनऊ में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश हो सकती है। वहीं नोएडा में भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।
आज नोएडा में अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम तापमान 17°C रहने का अनुमान है, जिसमें अगले 24 घंटे में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
2 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, 2 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा।










