UP weather : उत्तर प्रदेश में ठंड अब दस्तक दे चुकी है। कोहरे के साथ शीतलहर का असर बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में सुबह से रात तक गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होगी, क्योंकि अब धूप की गर्माहट भी कम होने लगी है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 15 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। वहीं 30 से ज्यादा जिलों में शीतलहर का प्रभाव दिखेगा। शनिवार को आगरा, मथुरा, हाथरस, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर, पीलीभीत, रामपुर, बरेली और बदायूं में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आगे और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 16 नवंबर को भी कई शहरों के लिए चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि यूपी में आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट देखी जाएगी। जैसे-जैसे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी बढ़ेगी, वैसे-वैसे मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर और तेज होगी।
लखनऊ में हल्का कोहरा, नोएडा में बढ़ी ठंड
शनिवार सुबह लखनऊ में हल्की कोहरे की चादर देखने को मिलेगी। हालांकि दिन बढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी। आज लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं नोएडा में भी सुबह हल्का कोहरा रहेगा और यहां न्यूनतम तापमान लखनऊ से थोड़ा कम दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।










