Varanasi : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में ड्राइवर की मौत, नशे में था धुत, चार यात्री गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी के सर्किट हाउस–भोजूबीर मार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने यात्रियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह कार में जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक सीट और शीशे के बीच फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चार लोग घायल

हादसे में ऑटो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में नरेंद्र कुमार (40) और सविता भारती (40) निवासी आयर चोलापुर, राहुल (25) निवासी राजापुर और आनंद (55) निवासी तिलमपुर सिंधोरा शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल सविता भारती को प्राथमिक इलाज के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों का उपचार दीनदयाल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक को पकड़ा

सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक ऑटो चालक की पहचान उसके टोटो नंबर के आधार पर की जा रही है।

हादसे के बाद सड़क पर हंगामा

टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस को हालात सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शराब के नशे में धुत था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में था और उसने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कई वाहनों व राहगीरों को टक्कर मारने की कोशिश भी की थी। आखिरकार वह ऑटो से टकरा गया। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम अखिलेश कुमार, निवासी अनपरा (सोनभद्र) बताया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई भी की। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें