CM Yogi Varanasi Visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) गुरुवार से दो दिन के दौरे पर वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान वे विकास कार्यों की समीक्षा, कानून-व्यवस्था पर मंथन और बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सीएम योगी का यह दौरा प्रशासन के लिए अहम माना जा रहा है, खासतौर पर मौजूदा मौसम में जब कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
चंदौली से शाम 4:30 बजे बनारस पहुंचेंगे
प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम करीब 4:30 बजे चंदौली से वाराणसी पहुंचेंगे। सबसे पहले वह सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें जिले के विकास कार्यों की प्रगति और कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
करेंगे धार्मिक स्थलों के दर्शन
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। धार्मिक नगरी काशी में उनका यह दौरा धार्मिक, प्रशासनिक और जनहित के कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास परियोजनाओं और बाढ़ की स्थिति पर नजर
सीएम योगी शहर में चल रही विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसके साथ ही वे गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा शासन-प्रशासन को अलर्ट मोड में डाल चुका है। अधिकारी पूरे प्रोटोकॉल के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।










