UP Weather : उत्तर प्रदेश में आज का मौसम उमसभरी गर्मी से राहत देने वाला साबित हो सकता है। पिछले कई दिनों से तेज धूप और तपन झेल रहे लोगों को अब बादलों और हल्की बारिश का साथ मिल सकता है। आगरा में सुबह से ही बादलों ने आसमान घेर रखा है, जबकि नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।
3 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज से लेकर 3 अक्टूबर तक लखनऊ और पूर्वी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और धूप भी हल्की रहेगी, जिससे उमस से काफी हद तक राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिक का पूर्वानुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से राजधानी लखनऊ समेत करीब 40 जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। दक्षिणी और पूर्वी यूपी में इसका असर ज्यादा होगा।
मानसून की विदाई
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से मानसून की विदाई हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह तक यूपी से भी मानसून पूरी तरह लौट जाएगा। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से दक्षिणी और पश्चिमी यूपी में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। खासतौर पर बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा दिख सकता है।
पश्चिमी यूपी में बादलों ने दी राहत
सुबह से ही आगरा, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, बरेली और मुरादाबाद सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहे। हल्की हवाओं ने उमस को कम किया है। वहीं, आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह हुई बरसात ने यात्रियों को ताजगी और ठंडक का एहसास कराया।










