मुंबई/जौनपुर : मुंबई के नाला सोपारा इलाके से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कमरे में ही दफनाकर उसके ऊपर टाइल्स लगवाई गईं और उसी जगह बेड लगाकर महिला प्रेमी संग चैन से सोती रही।
सात साल पहले हुई थी शादी
जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद पट्टी गांव निवासी विजय चौहान की शादी करीब सात साल पहले जफराबाद के हौज गांव की चमन चौहान से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद दोनों मुंबई चले गए और वहीं रहने लगे। इस बीच उनका एक बेटा भी हुआ जो अब पांच साल का है।
प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश
मुंबई में रहने के दौरान चमन का पड़ोस में रहने वाले मोनू प्रजापति से प्रेम संबंध बन गया। पति विजय मेहनत-मजदूरी करता था और ओवरटाइम में व्यस्त रहता था। इसी दौरान चमन और मोनू ने विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। एक दिन दोनों ने मिलकर विजय की हत्या कर दी। उसके शव को तीन टुकड़ों में काटकर कमरे में ही गाड़ दिया और ऊपर टाइल्स लगवा दी।
खुली पोल, फरार हो गई चमन
हत्या के कुछ दिन बाद चमन प्रेमी मोनू और अपने बेटे को लेकर फरार हो गई। मुंबई में रह रहे विजय के छोटे भाई अखिलेश चौहान को शक हुआ, तो वह भाई की तलाश में उसके कमरे पर पहुंचा। जब टाइल्स हटाकर देखा गया तो कमरे के फर्श से विजय की तीन टुकड़ों में लाश बरामद हुई।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
सूचना पर मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रेमी और पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।










