वाराणसी : बारातियों का हंगामा, दुल्हन पक्ष से हुई कहासुनी और मारपीट, चले लाठी-डंडे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में देर रात एक शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया, जब दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों से शुरू हुआ छोटा-सा विवाद धीरे-धीरे बड़े बवाल में बदल गया। पहले गाली-गलौज हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। हालात बिगड़ते ही बारातियों ने लाठी-डंडों के साथ सड़क पर आकर पथराव शुरू कर दिया। राह से गुजर रहे वाहनों पर भी पत्थर बरसाए गए, जिससे कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

मामूली कहासुनी ने लिया बड़े बवाल का रूप

गुरुवार देर रात कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बने एक लॉन में शादी चल रही थी। बताया जा रहा है कि बारातियों में कुछ लोग शराब के नशे में धुत्त थे। रात करीब 12 बजे कुछ बाराती लॉन से बाहर निकले और वहां मौजूद स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई हो गई, और जब आस-पास के लोग बचाव के लिए आए, तो बारातियों की संख्या तेजी से बढ़कर 40-50 हो गई। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया जिससे कई स्थानीय लोग घायल हो गए।

घरों पर भी हमला, महिलाओं-बच्चों को धमकाया

पथराव के बाद बाराती और अधिक उग्र हो गए। करीब 100-150 की संख्या में इकट्ठा होकर उन्होंने सड़क के दूसरी ओर लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के घरों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि बारातियों ने महिलाओं और बच्चों पर भी भद्दी गालियां बरसाईं। दहशत के कारण मोहल्ले के लोग घरों में छिपने को मजबूर हो गए। कुछ लोगों ने हिम्मत कर बीच-बचाव किया, जिसके बाद भीड़ धीरे-धीरे पीछे हटी।

वाहनों को रोककर की अभद्रता

लॉन की ओर लौटते समय भी बाराती नहीं रुके। राह से गुजर रहे ट्रक और अन्य वाहनों को रोककर उनमें बैठे लोगों से बदसलूकी की गई। इससे पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस लॉन में शादी चल रही थी, वह मानकों के विपरीत संचालित हो रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें