मिर्जापुर जिले के कंछवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। विजिबिलिटी कम होने के कारण एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पिता-पुत्र सहित चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा है।
ट्रक ड्राइवर को टक्कर मारने के बाद कार घुसी अंदर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का चालक ट्रक के बाहर खड़ा था। कार पहले उसे टक्कर मारते हुए सीधा ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते भारी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
प्रयागराज से वाराणसी जा रहे थे कार सवार
जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार लोग प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे थे। मृतकों में श्याम कृष्ण यादव, उनके पिता बाबूलाल (55 वर्ष), निवासी दाइलकपुर, सोरांव, प्रयागराज, अनुराग (22 वर्ष) और दो अज्ञात लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जो हादसे के समय सड़क क्रॉस कर रहे थे।
प्रशासन मौके पर, ट्रैफिक सुचारु कराने में जुटा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है और ट्रैफिक सुचारू कराने में टीम जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में लग गई है।










