मेरठ और वाराणसी के बीच बुधवार से वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। सुबह मेरठ सिटी स्टेशन से 6:35 बजे ट्रेन नंबर 22490 वाराणसी के लिए रवाना हुई। वहीं, वाराणसी कैंट से 9:10 बजे ट्रेन नंबर 22489 मेरठ की ओर निकली। ट्रेन को धार्मिक नारों और यात्रियों के उत्साह के बीच हरी झंडी दिखाई गई।
पहले मेरठ से लखनऊ तक चल रही वंदेभारत को अब वाराणसी तक बढ़ा दिया गया है। इस नई सुविधा से यात्रियों को अयोध्या धाम में भी ठहराव मिलेगा। खास बात यह है कि मेरठ और वाराणसी के बीच यह पहली सीधी ट्रेन है। दोनों शहरों के बीच करीब 783 किलोमीटर की दूरी अब 12 घंटे में पूरी होगी। इससे पहले यात्रियों को लखनऊ या दिल्ली होते हुए ट्रेन बदलकर यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ जाते थे।
वाराणसी से यात्रा कर रहे विवेक और कुणाल ने कहा कि वंदेभारत से सफर करने पर समय की बचत होगी और आरामदायक यात्रा मिलेगी। वहीं, मेरठ की अवनी गुप्ता ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले ही दिन काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए इस ट्रेन का उपयोग करना गर्व की बात है। यात्री हरिओम शर्मा ने बताया कि परिवार संग यात्रा का अनुभव बेहद सुखद है।
ट्रेन नंबर 22489 वाराणसी कैंट से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर 11:42 बजे अयोध्या धाम, दोपहर 1:40 बजे लखनऊ और रात 9:05 बजे मेरठ पहुंचेगी। इसके विपरीत, ट्रेन नंबर 22490 मेरठ से सुबह 6:35 बजे छूटकर दोपहर 1:45 बजे लखनऊ, शाम 3:55 बजे अयोध्या धाम और शाम 6:25 बजे वाराणसी कैंट पहुँचेगी।
वाराणसी जंक्शन पर ट्रेन को राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह और रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।










