वाराणसी। शहर के Udai Pratap College में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब क्लासरूम के अंदर अचानक फायरिंग की घटना सामने आई। इस सनसनीखेज वारदात में बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के मुताबिक, एक युवक अचानक क्लास में घुसा और ताबड़तोड़ करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे।
घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए BHU Trauma Center रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्र के सिर में गोली लगी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस हमलावर की पहचान करने और फायरिंग के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है।
फिलहाल, कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और छात्रों में दहशत का माहौल है।










