वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत जिले में 45 नए संविदा चिकित्सकों की नियुक्ति की जानकारी दी गई। ये चिकित्सक शहरी क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं देंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन चिकित्सकों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए, जिससे पारदर्शिता और जनसहभागिता को बढ़ावा मिले।
प्रसव केंद्रों की संख्या बढ़ाने और टीकाकरण पर जोर
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना (JSY) के तहत प्रसव केंद्रों की संख्या बढ़ाने और लाभार्थियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को समय से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित टीकाकरण अभियान में चिन्हित परिवारों को प्रेरित करने के लिए स्थानीय संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली व्यक्तियों की मदद लेने की बात कही।
काशी विद्यापीठ, हरहुआ, बड़ागांव और शहरी क्षेत्र में टीकाकरण की स्थिति को बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।
संचारी रोग नियंत्रण और पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, विशेषकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवसों का शत-प्रतिशत पर्यवेक्षण किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मापने की मशीनें और अन्य उपकरणों की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। बैठक में राजकीय चिकित्सालयों के प्रमुख अधीक्षक, एसीएमओ, डीपीएम, डीपीओ, यूनिसेफ व डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।










