Varanasi: चोलापुर थाना क्षेत्र के भैटोली गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। धान की रोपाई के लिए खेत की ओर जा रहे दो सगे भाइयों की मौत अचानक गिरी कच्ची दीवार की चपेट में आने से हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
खेत जा रहे थे तभी गिरी पड़ी दीवार
मृतक युवकों की पहचान अरविंद कुमार (18 वर्ष) और अंकित कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों भाई अपने घर से धान की नर्सरी से पौधे लेकर खेत जा रहे थे। रास्ते में ही दिलीप कुमार नामक व्यक्ति के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दोनों भाई बाइक पर सवार थे और मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर की मदद
धड़ाम की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।










