उत्तर प्रदेश में रविवार से लगातार हो रही भारी बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। तेज बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और चारों ओर सुहाना मौसम छा गया है। हालांकि, जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
आज भी भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (2 सितंबर) को भी प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश जारी रहेगी। पश्चिमी यूपी में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जिलों में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कल से घटेगा बारिश का असर
पूर्वी यूपी में भी कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है और यहां भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 सितंबर से बारिश का असर धीरे-धीरे कम हो जाएगा। इसके बाद हल्की-फुल्की बारिश का सिलसिला 7 सितंबर तक बीच-बीच में चलता रहेगा।
इन जिलों में विशेष अलर्ट
आज सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस और मथुरा में भी कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।
संभल, मुरादाबाद, बदायूं, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, मीरजापुर, भदोही, वाराणसी और सोनभद्र में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
वहीं नोएडा, गाजियाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, आगरा, फिरोजाबाद, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रयागराज और चंदौली जैसे जिलों में भी बारिश होगी, लेकिन यहां किसी खास चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
तापमान में गिरावट से सुहाना हुआ मौसम
पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार से पारा फिर से चढ़ना शुरू होगा और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।










