वाराणसी। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश के कारण वाराणसी में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शहर के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति के चलते जनजीवन काफी प्रभावित हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर जिले के सभी स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 और 6 अगस्त को वाराणसी जनपद के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
आदेश के मुताबिक, वाराणसी में संचालित सभी बोर्डों—जैसे कि बेसिक शिक्षा परिषद, यूपी बोर्ड, CBSE, ICSE और संस्कृत बोर्ड के तहत आने वाले प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी रहेगी।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अनावश्यक बाहर न निकलने दें और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रखें।










