लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड ने दस्तक दे दी है। कानपुर में तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अन्य जिलों में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। ठंडी हवाओं और सुबह-रात के कोहरे ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 8 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि कई जिलों में सुबह और देर रात के समय घना से मध्यम कोहरा छा सकता है।
उत्तर-पश्चिम हवाओं से बढ़ी ठंड
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस समय उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिससे प्रदेश में ठंड तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में कई जिलों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में रहेगा ठंडा मौसम
शनिवार की सुबह नोएडा में हल्का कोहरा छाया रहेगा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम सामान्य हो जाएगा। गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और सहारनपुर में भी कोहरा और ठंडी हवाओं का असर दिखेगा।
वहीं कानपुर, आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, गाजीपुर, बस्ती, रायबरेली और अमेठी में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
लखनऊ में गिरी पारे की सुई
राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहेगा, लेकिन धूप की गर्माहट अब कम महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जो शुक्रवार के मुकाबले करीब 2 डिग्री कम है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ेगा, जिससे लोगों को सुबह-शाम की सर्द हवाओं से बचाव के लिए सतर्क रहना होगा।










