वाराणसी से PM मोदी ने चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, बोले- संस्कृति, आस्था और विकास को जोड़ने…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देशवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को बनारस रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए देव दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि काशी का यह आयोजन पूरे भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने कहा, “हम देखनी कि देव दीपावली पर कितना अद्भुत आयोजन भयल। आज का दिन बड़ा शुभ है। हम इस विकास पर्व के अवसर पर आप सबको शुभकामनाएं देते हैं।”

इंफ्रास्ट्रक्चर से आगे बढ़ रहा भारत

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व के विकसित देशों की आर्थिक प्रगति का सबसे बड़ा आधार उनका मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत भी उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और आज देश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार से आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है।

चार नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू

प्रधानमंत्री ने बताया कि काशी से खजुराहो वंदे भारत, फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है। इन चार नई ट्रेनों के साथ ही अब देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है।

वंदे भारत–आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक

पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। यह अभियान भारतीय रेलवे को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि “वंदे भारत ट्रेन भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई है, जिस पर हर देशवासी को गर्व है।”

संस्कृति, आस्था और विकास को जोड़ने वाला नेटवर्क

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में सदियों से तीर्थ यात्राएं सिर्फ देवदर्शन का माध्यम नहीं रही हैं, बल्कि वे देश की आत्मा को जोड़ने वाली परंपरा हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे पवित्र तीर्थस्थल जब वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ते हैं, तो यह भारत की संस्कृति, आस्था और विकास को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि यह पहल भारत की विरासत के शहरों को देश के विकास का प्रतीक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आधुनिक रेलवे नेटवर्क भारत के आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें