प्रदेश में नए वर्ष के साथ मौसम भी करवट लेने जा रहा है। बीते एक सप्ताह से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में छाया घना कोहरा अब धीरे-धीरे छंटने लगेगा। धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के भी संकेत दिए हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर रहे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ रही है। इसका असर यह होगा कि प्रदेश के सुदूर उत्तरी तराई और कुछ दक्षिणी इलाकों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर कोहरे की तीव्रता में कमी आएगी।
एक जनवरी से राहत, दो जनवरी से और सुधार
मौसम विभाग का अनुमान है कि एक जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और दो जनवरी से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में कोहरे का घनत्व कम होगा। गुरुवार को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हालांकि, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को भी घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
इन जिलों में अभी भी सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा बना रह सकता है।
इन क्षेत्रों में सुबह-शाम के साथ-साथ रात के समय भी कोहरा छाने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे की तीव्रता को देखते हुए, यदि कोई आपात स्थिति न हो तो रात में यात्रा से बचने की अपील की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में जहां अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। कुल मिलाकर नए साल की शुरुआत के साथ मौसम धीरे-धीरे राहत देने की ओर बढ़ेगा।










