गर्लफ्रेंड की दूसरे लड़के से हुई सगाई तो जिम ट्रेनर ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में प्रेमिका और उसकी मां पर लगाए गंभीर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय जिम ट्रेनर ने कथित तौर पर प्रेमिका की सगाई कहीं और तय हो जाने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान किरण के रूप में हुई है, जो महालक्ष्मी लेआउट के गेलेयारा बालागा लेआउट का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, किरण पिछले तीन वर्षों से एक युवती के साथ रिश्ते में था। हाल ही में जब उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका की सगाई किसी और से तय हो गई है, तो वह गहरे तनाव में चला गया। परिवार का कहना है कि पिछले दो हफ्तों से वह काफी परेशान और चुपचाप रहने लगा था।

मां से पेन-कागज मांगकर कमरे में हुआ बंद

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमिका ने किरण को अपनी सगाई की जानकारी दी थी और शादी का कार्ड व साड़ी भी दिखाई थी। इससे वह पूरी तरह टूट गया था। उसी दिन घर लौटने के बाद किरण ने अपनी मां से पेन और कागज मांगा। मां को इस पर हैरानी हुई, लेकिन किरण ने यह कहकर पेन-कागज लिया कि उसे कुछ फाइनेंशियल लेनदेन लिखना है।

इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने और फोन कॉल का जवाब न देने पर परिजनों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो किरण को फंदे से लटका पाया।

सुसाइड नोट में प्रेमिका और उसकी मां को ठहराया जिम्मेदार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में किरण ने अपनी मौत के लिए प्रेमिका और उसकी मां को जिम्मेदार ठहराया है। उसने अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड भी नोट में लिखा था।

परिजनों का आरोप है कि किरण ने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा प्रेमिका के लोन चुकाने में खर्च किया था और वह उससे शादी करने की योजना बना रहा था। वह वेलेंटाइन डे पर उसे गिफ्ट देने की भी तैयारी कर रहा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें