हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर ज़िले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में एक बस आ गई। इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बरठीं क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब पहाड़ी अचानक दरक गई और उसका मलबा नीचे से गुजर रही बस पर गिर पड़ा। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। भारी मलबे के नीचे दबने से कई लोग फंस गए, जिनमें से आठ के शव अब तक निकाले जा चुके हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर जुटी हैं। बचाव कर्मी फंसे यात्रियों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
सीएम सुक्खु ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सीएम ने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और शिमला से खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।










