आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर रोडवेज से टक्कराई बाइक, बस में लगी भीषण आग, बाइक सवार युवक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP News :आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सासनी कस्बे के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना 16 जुलाई रात करीब 8 बजे की है, जब रोडवेज बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और उस पर सवार युवक बस के आगे बंपर में फंस गए, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और करीब 300 मीटर तक उसे दौड़ाता रहा।

आग की लपटों में जल गई बाइक और युवक

बस में फंसी बाइक की ईंधन टंकी फटने से चिंगारी निकली, जिससे बाइक और बस दोनों में आग लग गई। जैसे ही बस रूकी, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और दरवाजों और खिड़कियों से कूदकर लोग जान बचाने लगे। चंद मिनटों में आग ने दोनों वाहनों को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, और वह आग की लपटों में झुलस गया।

मृतक की पहचान, अलीगढ़ जा रहा था ननिहाल

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान हरेंद्र सिंह, निवासी बहादुरपुर भूप, थाना सादाबाद के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल अलीगढ़ जा रहे थे। हादसे के वक्त वह सादाबाद से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे, जबकि बस फाउंड्री नगर डिपो आगरा से हाथरस जा रही थी।

दमकल की टीम ने 30 मिनट में पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। लगभग 45 मिनट बाद सड़क से जले हुए वाहन हटाकर ट्रैफिक बहाल किया जा सका।

फरार हो गए चालक और परिचालक

हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें