वाराणसी में अवैध कफ सिरप कारोबार पर अजय राय का हमला, कहा, PM चुप्प क्यों?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने बुधवार को लहुराबीर स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वाराणसी में जानलेवा और नशीली कफ सिरप के अवैध नेटवर्क को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इतना बड़ा अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री और स्थानीय सांसद मौन हैं, यह सत्ता संरक्षण की ओर इशारा करता है।

NHRC नोटिस पर भी कार्रवाई नहीं- अजय राय

अजय राय ने बताया कि दो माह पहले NHRC ने कफ सिरप से हुई मौतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकारों को नोटिस जारी किया था और विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। लेकिन आज तक यूपी सरकार ने NHRC को कोई रिपोर्ट नहीं भेजी। उन्होंने कहा, यह सरकार की नाकामी ही नहीं, बल्कि पूरे अवैध नेटवर्क को ढाल देने का संकेत है।

एफआईआर में नाम-पते हटाए जाने पर उठाए सवाल

अजय राय ने दावा किया कि 15 नवंबर को दर्ज एफआईआर में आरोपी शुभम जायसवाल का पूरा विवरण था, लेकिन 19 नवंबर की एफआईआर में उसी आरोपी का पिता का नाम और पता गायब कर दिया गया।
उनके अनुसार, “यह साफ दिखाता है कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और पूरा सिस्टम उसे बचाने में लगा है।”

ड्रग लाइसेंस अधिकारी को बताया मास्टरमाइंड

उन्होंने अवैध कफ सिरप कारोबार का मास्टरमाइंड ड्रग लाइसेंस अथॉरिटी के अधिकारी नरेश मोहन को बताया और मांग की कि तुरंत बर्खास्त कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस की मुख्य मांगें

  1. सभी मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी
  2. मामले की न्यायिक जांच
  3. माफियाओं की अवैध संपत्तियों की कुर्की
  4. राजनीतिक संरक्षण की जांच
  5. NHRC को रिपोर्ट सौंपने की बाध्यता

SIR सिस्टम को बताया ‘Vote Chori मॉडल’

अजय राय ने SIR सिस्टम के जरिए BLO कर्मचारियों पर डाले जा रहे दबाव और बढ़ती मौतों को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा, यह SIR सिस्टम नहीं, मोदी-ज्ञानेश कुमार का Vote Chori मॉडल है। देशभर में BLO की आत्महत्याएँ और संदिग्ध मौतें प्रशासनिक आतंक का नतीजा हैं।”

उन्होंने हालिया मामलों का जिक्र किया

  • फतेहपुर: SIR सुपरवाइज़र सुधीर कुमार की आत्महत्या
  • गोंडा: BLO विपिन यादव की आत्महत्या (परिजनों ने अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया)
  • लखनऊ: BLO विजय वर्मा की ब्रेन हैमरेज से मौत

अजय राय ने मांग की कि इन मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर 302 के तहत कार्रवाई की जाए, परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए।

सरकारी संरक्षण में अपराध फल-फूल रहा है

अजय राय ने कहा कि वाराणसी में जहरीली सिरप का कारोबार, SIR सिस्टम के दबाव में कर्मचारियों की मौतें, प्रदेश में हत्या-लूट-बलात्कार में बढ़ोतरी, ये सभी सरकार की विफलता और संरक्षण को दिखाते हैं।

उन्होंने कहा, डबल इंजन सरकार में जनता मरे, कर्मचारी मरे, बच्चे मरे…और सत्ता सिर्फ़ अपनी मार्केटिंग में लगी रहे यही असली मॉडल है।”

संविधान दिवस पर श्रद्धांजलि

प्रेस वार्ता के अंत में अजय राय ने संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया और 26/11 हमले में शहीद पुलिस-सेना के जवानों सहित सभी निर्दोष नागरिकों को नमन किया।

प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, डॉ. नृपेन्द्र नारायण सिंह, चंचल शर्मा, अब्दुल हामिद डोडे, किशन यादव, मोहम्मद उजैर, मोहम्मद सैयद आदिल सहित कई नेता उपस्थित रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें