LGP सिलेंडर का जिक्र कर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, ‘कहीं ऐसा न हो कि सरकार…’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर देशभर में चिंता बढ़ती जा रही है। हालांकि केंद्र सरकार का कहना है कि घरेलू गैस को लेकर किसी तरह की कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख Akhilesh Yadav ने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की जानकारी में पूरी स्थिति है। कई राज्यों में होटल संचालकों ने सरकार को जानकारी दी है कि कमर्शियल गैस की कमी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सरकार ने सबसे ज्यादा गैस कनेक्शन देने का दावा किया था, ऐसे में अब यह सरकार की जिम्मेदारी है कि सिलेंडर की सप्लाई कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

क्या सरकार के पास कोई वैकल्पिक योजना है?

सपा प्रमुख ने सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा हालात में अगर गैस की कमी बढ़ती है तो सरकार के पास उसका विकल्प क्या है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण अगर सप्लाई प्रभावित होती है तो सरकार को पहले से ही तैयारी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति दो हफ्ते तक बनी रही तो लोगों को फिर से पुराने तरीके अपनाने पड़ सकते हैं और खाना बनाने के लिए लकड़ी या कंडों का सहारा लेना पड़ सकता है।

कई देशों में प्रतिबंधों की चर्चा

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर जिन देशों से भारत गैस आयात करता है वहां से आपूर्ति प्रभावित होती है और सरकार ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो इसका असर आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि खबरें आ रही हैं कि कुछ देशों में पहले से ही पाबंदियां लगनी शुरू हो गई हैं।

सरकार से स्पष्ट जानकारी देने की मांग

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस मुद्दे को उठाते हुए लिखा कि सिलेंडर को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस की कमी से घर से दूर रहने वाले छात्र, कामगार, पेशेवर और मजदूरों को भोजन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा क्लाउड किचन, फूड डिलीवरी स्टार्टअप, सप्लाई चेन और ट्रेवल सेक्टर पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है।

सपा प्रमुख ने मांग की कि सरकार गैस की आपूर्ति को लेकर स्पष्ट स्थिति बताए, ताकि लोग समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें और उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें