नई दिल्ली। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। NEET UG 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 मार्च तय की गई है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी की ओर से जारी सूचना के अनुसार उम्मीदवार 11 मार्च रात 9 बजे तक अपना आवेदन फॉर्म सबमिट कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
आवेदन शुल्क कितना है
इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार शुल्क जमा करना होगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1700 रुपये तय किया गया है। वहीं EWS और OBC-NCL वर्ग के उम्मीदवारों को 1600 रुपये फीस देनी होगी।
इसके अलावा एससी, एसटी, PwBD और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। जबकि विदेशी उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 9500 रुपये फीस का भुगतान करना होगा।
3 मई को होगी NEET UG परीक्षा
हर वर्ष इस परीक्षा के लिए देशभर से लाखों छात्र आवेदन करते हैं, लेकिन सीमित सीटों के कारण केवल कुछ ही अभ्यर्थियों का चयन हो पाता है। इस साल NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी और इसकी कुल अवधि 3 घंटे यानी 180 मिनट होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार यह परीक्षा देशभर में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी, जिसमें उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर सकेंगे।










