नई दिल्ली। एशिया कप 2025 में रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पहली बार दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरेंगी। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इस मुकाबले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि जब तक दोनों देशों के रिश्ते सामान्य नहीं हो जाते, तब तक न तो क्रिकेट खेला जाना चाहिए और न ही व्यापार होना चाहिए।
हरभजन ने दोहराई अपनी राय
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में हरभजन सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा सुर्खियों में रहता है, लेकिन 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के बाद हालात बदल गए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि “हम वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर चुके हैं।”
रिश्तों में सुधार के बाद ही मैच
भज्जी ने साफ कहा कि यह उनकी निजी राय है कि जब तक भारत और पाकिस्तान के संबंधों में सुधार नहीं होता, तब तक खेल और व्यापार दोनों को रोक देना चाहिए। हालांकि उन्होंने जोड़ा कि अगर सरकार मैच कराने का निर्णय लेती है, तो उसे मानना होगा।
टिकटों की बिक्री पर भी असर
दिलचस्प बात यह है कि इस बार भारत-पाकिस्तान मैच का क्रेज उतना नहीं दिख रहा, जितना पहले नजर आता था। आमतौर पर टिकट कुछ ही घंटों में बिक जाते थे, लेकिन इस बार लगभग हर स्टैंड के टिकट अभी भी उपलब्ध हैं।










