रामपुर से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की तबीयत शनिवार को अचानक खराब हो गई। उनकी सेहत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल से तीन डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम जेल भेजी गई, लेकिन आजम खान ने मेडिकल जांच कराने से साफ इनकार कर दिया।
डॉक्टरों की टीम को जेल से लौटाया
जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल के CMS को पत्र भेजकर एक सर्जन, एक फिजिशियन और एक ऑप्थैल्मिक विशेषज्ञ की टीम भेजने का अनुरोध किया था। टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आजम खान ने स्वास्थ्य जांच कराने से मना कर दिया, जिसके बाद सभी डॉक्टर बिना परीक्षण किए ही वापस लौट आए।
जिला अस्पताल के अधीक्षक ने दी जानकारी
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. वी.सी. सक्सेना ने बताया कि जेल प्रशासन की मांग पर टीम भेजी गई थी, लेकिन आजम खान ने जांच नहीं कराई। इसलिए टीम को वापस लौटना पड़ा।
फर्जी पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे हैं आजम खान
गौरतलब है कि फर्जी पैन कार्ड मामले में हाल ही में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को 7 साल की सजा सुनाई गई है। दोनों इन दिनों रामपुर जेल में बंद हैं। कुछ दिनों पहले अब्दुल्ला आजम के वकील ने बताया था कि आजम खान की तबीयत ठीक नहीं है, इसी वजह से वह उनसे मुलाकात भी नहीं कर पाए थे।
आजम खान द्वारा इलाज से इनकार करने के बाद अब उनके स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन सतर्क हो गया है।










