UP Weather : यूपी में बढ़ी कड़ाके की ठंड, अगले 48 घंटों में और गिरेगा तापमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शीतलहर ने कई शहरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिसके चलते रातें बेहद सर्द हो गई हैं। बीते 24 घंटों में अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि यह तो ठंड की सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में पारा और नीचे जाएगा।

आंचलिक मौसम केंद्र अमौसी, लखनऊ के अनुसार रविवार रात से सोमवार तक यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और देर रात हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि कोल्डवेव और कोहरे के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं जारी हुई है, लेकिन पिछले 24 घंटों में कई जिलों में दृश्यता 600 मीटर तक रह गई थी, जिससे घने कोहरे जैसी स्थिति बनी रही।

शाम ढलते ही बढ़ेगी गलन

आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि सोमवार को प्रदेश के कई शहरों- मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, आगरा, इटावा, कन्नौज, झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, आज़मगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, सीतापुर, पीलीभीत, महराजगंज, सोनभद्र, शामली, सहारनपुर, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, उन्नाव, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, रामपुर और बरेली में सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में दृश्यता 500–600 मीटर तक सीमित रहने की भी संभावना है।

लखनऊ में 11 डिग्री रहेगा न्यूनतम तापमान

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप खिली रहेगी, लेकिन शाम को ठंडी हवाएं फिर से गलन बढ़ा देंगी। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा का मौसम भी लगभग यही रहने का अनुमान है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें