Bagpat : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रठौड़ा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। 24 वर्षीय मनीषा, जिसने दो साल पहले सात फेरों के साथ अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की थी, ने मंगलवार रात कीटनाशक निगल कर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने मनीषा को मृत अवस्था में पाया।
तलाक के दबाव ने तोड़ दिया मनीषा को
परिवारवालों के अनुसार, मनीषा के पति ने हाल ही में तलाक के कागजों पर दस्तखत करने का दबाव बनाया, जिसे मनीषा ने ठुकरा दिया। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। रात को जब घर के सभी लोग सो गए, तो मनीषा ने फसलों में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक पी लिया।
शरीर पर लिखा सुसाइड नोट, पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मनीषा ने अपनी आत्महत्या से पहले अपने शरीर के हाथ-पैरों पर सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने पति, सास, ससुर और दो देवरों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। उसने बताया कि उसे कमरे में बंद करके कई दिन तक भूखा रखा गया और शारीरिक प्रताड़ना दी गई।
शादी के बाद से ही शुरू हो गया था उत्पीड़न
मनीषा के पिता तेजवीर, जो गाजियाबाद एमसीडी में कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने 2023 में बेटी की शादी सिद्धिपुर (गाजियाबाद) के युवक से की थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दहेज में थार गाड़ी और लाखों रुपये की मांग शुरू हो गई। तेजवीर का कहना है कि जब मांगें पूरी नहीं हुईं, तो मनीषा को जबरदस्ती दवाइयां देकर गर्भपात करा दिया गया।
पंचायतें भी नहीं दिला सकीं न्याय
मनीषा के भाई विवेक ने बताया कि दो बार पंचायतें हुईं, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई। लेकिन हर बार समझौते के बाद भी ससुराल में मनीषा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आखिरकार जुलाई 2024 में मनीषा को उसके मायके वापस लाया गया।
चार दिन पहले हुई थी तलाक पर बातचीत
परिजनों के अनुसार, चार दिन पहले दोनों पक्षों में तलाक को लेकर बातचीत हुई थी, जिसमें पंचायत व रिश्तेदार मौजूद थे। तलाक की सहमति बन चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही मनीषा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, फोरेंसिक टीम ने जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मनीषा के शरीर पर लिखा गया सुसाइड नोट मिला है और परिवार की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।










