Iraq Fire Break Out : इराक के अल-कुट शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में लोग मॉल में खरीदारी कर रहे थे और कुछ लोग मॉल से लगे रेस्तरां में खाना खा रहे थे।
आग की चपेट में आई पूरी इमारत
न्यूज़ एजेंसी AFP के अनुसार, यह भीषण हादसा अल-कुट शहर के एक सुपरमार्केट में हुआ। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पांच मंजिला इमारत पूरी तरह से आग की लपटों में घिरी हुई है, और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। चारों ओर धुएं का घना गुबार फैला हुआ है, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
गवर्नर का बयान, मॉल मालिक पर मुकदमा दर्ज
वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मायाही ने स्थानीय समाचार एजेंसी INA को बताया कि इस भयानक अग्निकांड में अब तक करीब 50 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच चल रही है और प्रारंभिक रिपोर्ट 48 घंटों में सामने लाई जाएगी।
गवर्नर ने यह भी बताया कि आग मॉल की पहली मंजिल से शुरू हुई थी और वहां से फैलकर पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मॉल और इमारत के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राहत व बचाव कार्य और अस्पतालों की स्थिति
दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन आग की तेजी के कारण बहुत से लोग मॉल से बाहर नहीं निकल सके। बड़ी संख्या में एम्बुलेंस घायलों और शवों को नजदीकी अस्पताल पहुंचा रही हैं। हादसे के बाद अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी है और हालात बेहद तनावपूर्ण हैं।
देशभर में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक
इस त्रासदी के बाद वासित प्रांत और पूरे इराक में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है। सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों पर झंडे झुका दिए गए हैं।
5 दिन पहले शुरू हुआ था मॉल
जानकारी के मुताबिक, जिस मॉल में यह हादसा हुआ, वह सिर्फ 5 दिन पहले ही आम लोगों के लिए खोला गया था। शुरुआती जांच से यह संकेत मिला है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस हादसे का बड़ा कारण हो सकती है।
पिछला बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले भी 2023 में इराक में एक शादी समारोह के दौरान भीषण आग लगी थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की जान गई थी और 150 से अधिक घायल हुए थे। अब एक बार फिर इतनी बड़ी घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।










