वाराणसी में ‘भाग्यलक्ष्मी’ ऑनलाइन जुए का नेटवर्क! बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। काशी में कथित तौर पर संचालित हो रहे ‘भाग्यलक्ष्मी’ नामक ऑनलाइन जुआ और लॉटरी नेटवर्क को लेकर अब विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और अधिवक्ता सतीश यादव ने शहर के कई इलाकों में ऑनलाइन जुआ और सट्टे के संचालन का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

अधिवक्ता सतीश यादव का कहना है कि वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘भाग्यलक्ष्मी’ के नाम से ऑनलाइन लॉटरी और सट्टा चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतें और छापेमारी होने के बावजूद ये अवैध गतिविधियां कुछ दिनों के लिए बंद होती हैं, लेकिन फिर दोबारा शुरू हो जाती हैं। विशेष रूप से विशेश्वरगंज (कोतवाली थाना क्षेत्र) में इस तरह की गतिविधियों के संचालन का दावा किया गया है।

उन्होंने बताया कि सप्तसागर, अलईपुर, पुराने पुल, पंचकोशी, चौकाघाट और दारानगर समेत कई इलाकों में कथित रूप से ऑनलाइन लॉटरी का नेटवर्क सक्रिय है। आरोप है कि इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

अधिवक्ता ने यह भी कहा कि पुलिस कार्रवाई के बाद भी संबंधित लोग फिर से अपने नेटवर्क को सक्रिय कर लेते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को इस तरह की अवैध गतिविधियों से बचाया जा सके।

सतीश यादव ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन और अधिवक्ताओं के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें