Bihar Chunav 2025: थम जाएगा आज पहले चरण के प्रचार का शोर, 6 नवंबर को 121 सीटों पर डाले जाएंगे वोट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार-प्रसार आज शाम थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों के पास सिर्फ 24 घंटे का वक्त बचेगा, जिसमें वे घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर सकेंगे। चुनावी माहौल अपने चरम पर है और आज एनडीए और महागठबंधन दोनों के दिग्गज नेता कई जिलों में जनसभाएं कर मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे।

पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान

पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में 18 जिलों की कुल 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें 102 सामान्य और 19 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता 1,314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जो 6 नवंबर को ईवीएम में बंद हो जाएगा।

45 हजार से ज्यादा बूथों पर डाले जाएंगे वोट

पहले चरण में मतदान के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 45,324 मुख्य और 17 सहायक बूथ शामिल हैं। ग्रामीण इलाकों में 36,733 बूथ जबकि शहरी क्षेत्रों में 8,608 बूथ स्थापित किए गए हैं। खास बात यह है कि 926 बूथों का संचालन पूरी तरह महिलाओं द्वारा किया जाएगा, वहीं 107 बूथ दिव्यांगजनों के प्रबंधन में होंगे। इसके अलावा 320 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं।

इतने होंगे मतदाता और प्रत्याशी

पहले चरण में 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण में 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष और 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि तीसरे जेंडर के मतदाताओं की संख्या 758 है।

सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम

चुनाव आयोग ने पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। प्रत्येक जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान

पहले चरण के बाद दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जिसमें 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, मतगणना और परिणामों की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें