गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी युवक को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है, जो लुधियाना के फतेहगढ़ इलाके का निवासी है।
लुधियाना से पकड़ा गया आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी ने बताया कि गोरखपुर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर गोरखपुर लाया गया है। पुलिस पूछताछ में अजय यादव ने स्वीकार किया है कि उसने शराब के नशे में सांसद रवि किशन को धमकी भरा फोन किया था।
नशे में दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 30 अक्टूबर को सांसद के निजी सचिव शिवम् द्विवेदी के फोन पर कॉल की थी। उसने कॉल पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था कि यदि रवि किशन बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार करने जाएंगे, तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
इस धमकी के बाद सांसद ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
बिहार से नहीं है कोई संबंध
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी का बिहार से कोई संबंध नहीं है। जबकि फोन पर उसने खुद को बिहार के अररिया जिले का निवासी बताया था। एएसपी त्यागी ने बताया कि अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने यह धमकी किसी व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी के उकसावे में आकर दी थी।
क्या है पूरा मामला
कुछ दिन पहले भाजपा सांसद रवि किशन के निजी सचिव के मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने सांसद के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि वे “यादव समाज के खिलाफ बयान देते हैं, इसलिए उन्हें गोली मार दी जाएगी।”
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि आरोपी के पीछे किसी संगठन या व्यक्ति का हाथ तो नहीं है।










