पटना। भोजपुरी सुपरस्टार और आरजेडी प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने शुक्रवार को रोहतास जिले के दिनारा विधानसभा क्षेत्र के पिथनी हाई स्कूल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह सभा आरजेडी उम्मीदवार राजेश यादव के समर्थन में आयोजित की गई थी। खेसारी लाल यादव को सुनने के लिए मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा इलाका खचाखच भर गया। भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई युवा तो स्कूल की छतों पर चढ़कर खेसारी की एक झलक पाने को बेताब नजर आए।
सरकार बदलना जरूरी है ताकि रोजी- खेसारी लाल यादव
मंच से जोश से लबरेज खेसारी लाल यादव ने कहा, सरकार बदलना जरूरी है ताकि हमारे युवाओं को रोजी-रोजगार के मौके बिहार में ही मिल सकें। अभी की स्थिति यह है कि मां से आशीर्वाद लेकर रोज लोग काम की तलाश में बाहर जाते हैं और लौटकर मां के आंचल में सुकून ढूंढते हैं। अब वक्त आ गया है कि बिहार में ऐसा माहौल बने, जहां हमारे बच्चे अपने ही राज्य में काम पा सकें।
उन्होंने लोगों से जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठने की अपील करते हुए कहा, लोग मुझे सनातन विरोधी कहते हैं, लेकिन मैं कहता हूं — जितने मंदिर बनाने हैं बनाइए, पर ये भी सोचिए कि मंदिर में घंटा बजाते रहते या परिवार बनाते? शादी इसलिए की कि परिवार और समाज आगे बढ़े। अब सोचिए, बिहार के विकास के लिए सही चुनाव कौन है।
पवन सिंह पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान खेसारी लाल यादव ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, पवन भैया ने मेरी पत्नी को लेकर जो बयान दिया, वो सबको पता है। यही पवन भैया थे, जिनके लिए मैंने लोकसभा चुनाव में दिल लगाकर प्रचार किया था। मेरे पिता ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया था। लेकिन उन्हीं पवन भैया ने छपरा में जाकर मेरे खिलाफ प्रचार किया। यही फर्क है मेरे और उनके बीच।”
महागठबंधन की जीत का दावा
सभा के अंत में खेसारी लाल यादव ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में महागठबंधन ने 100 सीटें जीत ली हैं और जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, बिहार बदलेंगे ना? ताकि आपके बच्चे कल ये न पूछें कि जब बदलाव का वक्त था, तब आपने गलत को क्यों चुना?”
सभा समाप्त होने के बाद भी समर्थक “खेसारी लाल यादव जिंदाबाद” के नारे लगाते रहे। पूरा मैदान भोजपुरी सुपरस्टार के समर्थन में जयकारों से गूंज उठा।










