उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने संगठन को और मजबूती देने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को ग्रेटर नोएडा के रेड कारपेट होटल में पश्चिम यूपी के 19 जिलों के प्रभारी, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों की अहम बैठक आयोजित हुई।
इस बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों में विजय सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि भाजपा का मकसद केवल सत्ता में आना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
धर्मपाल सिंह ने बूथ समितियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहना चाहिए और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं जन-जन तक पहुंच सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, और संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का निरंतर जनता के बीच सक्रिय रहना बेहद जरूरी है।
बैठक में बुलंदशहर, गाजियाबाद, संभल, रामपुर, सहारनपुर, अमरोहा सहित 19 जिलों के प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और वरिष्ठ भाजपा नेता सतेंद्र सिसोदिया भी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि आगामी चुनावों में बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक संगठन को मजबूती देने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया जाएगा।










