CM Yogi Varanasi Visit : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी (वाराणसी) पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने दौरे की शुरुआत में सीएम योगी ने सबसे पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया।
निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा बैठक
हवाई निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने शहर में चल रही कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं।
विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव में करेंगे दर्शन
सीएम योगी शाम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान वे सावन में कांवड़ यात्रा और शिवभक्तों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का भी निरीक्षण करेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सारनाथ में भी जा सकते हैं मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान भी जा सकते हैं। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर संस्थान में प्रशासनिक अधिकारियों और पुरातत्व विशेषज्ञों की एक टीम ने दौरा किया। उन्होंने सारनाथ संग्रहालय, अशोक स्तंभ, मूलगंध कुटी विहार, धमेख स्तूप और बौद्ध अवशेषों का निरीक्षण किया।
शुक्रवार को होंगे कई अहम कार्यक्रम
शुक्रवार को मुख्यमंत्री वसंता कॉलेज में आयोजित बिरसा मुंडा व जनजातीय संस्कृति पर केंद्रित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही जेल रोड पर तैयार संगीत पथ का निरीक्षण करेंगे। सीएम योगी एक बार फिर शिवभक्तों की सुविधाओं का जायजा लेने निकलेंगे और फिर किसी अन्य निर्माणाधीन परियोजना का अवलोकन करेंगे। दौरे के अंत में वे अधिकारियों के साथ एक अंतिम समीक्षा बैठक भी करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सीएम योगी के वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहरभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।










