यूपी में ठंड का सितम जारी, 15 जिलों में कोल्ड डे, 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार को ठंड, कोहरा और गलन का डबल असर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में सर्दी और तेज हो गई है। शनिवार, 4 जनवरी की सुबह प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नोएडा से लेकर गोरखपुर तक कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

15 जिलों में शीत दिवस, 50 जिलों में घना कोहरा

पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही पछुआ हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के करीब 15 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) और 45 से 50 जिलों में घना से अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सहारनपुर, बरेली, झांसी समेत कई जिलों में बहुत घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम

अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते ठंड और गलन बढ़ गई है। पश्चिमी यूपी और तराई के इलाकों में दृश्यता (विजिबिलिटी) गिरकर 0 से 50 मीटर तक पहुंच सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग और प्रशासन ने सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा छाने की प्रबल संभावना जताई है। इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लखनऊ और नोएडा का मौसम

राजधानी लखनऊ में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं नोएडा में दिनभर कोहरा छाए रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

5 जनवरी तक स्कूल बंद

भीषण ठंड और घने कोहरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी बोर्डों के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

हाईवे पर सावधानी की सलाह

प्रशासन ने हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों से फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, धीमी गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें